खटीमा में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई गांवों में जलभराव

खटीमा में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई गांवों में जलभराव

स्थान – खटीमा, ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

जनपद उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बरसात ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे दर्जनों गांव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।

नानक सागर डैम के फाटक खुले

भारी वर्षा के चलते नानक सागर डैम के सभी फाटक खोलने पड़े, जिसके कारण बिस्टी, दाह ढ़ाकी सहित कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। वहीं राजीव नगर, अमाऊ, पकड़िया बंगाली कॉलोनी वार्ड नंबर-16, प्रतापपुर, तराई नगला, अल्केमिस्ट रोड, आवास विकास, बरीअंजनिया, नौसर समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में पानी भर गया।

प्रशासन की तत्परता

खटीमा प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत राहत कार्य शुरू किया। आपदा पीड़ितों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

तहसीलदार का बयान

तहसीलदार विरेंद्र सिंह सजवान ने बताया कि प्रशासन ने प्रभावित लोगों को रेस्क्यू कर रहने और खाने की व्यवस्था की है। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों का सर्वे कर उनकी आर्थिक सहायता भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि लगातार अतिवृष्टि के बावजूद क्षेत्र से किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है।