

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पाटनी चौराहा, बनबसा के पास चेकिंग के दौरान एक तस्कर को पकड़कर उसके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 70 लाख रुपये कीमत की 213 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।



एसपी के नेतृत्व में कार्रवाई
एसपी चंपावत अजय गणपति के निर्देश पर सीओ वंदना वर्मा के निर्देशन में एसओजी प्रभारी और थानाध्यक्ष बनबसा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। अभियान के तहत जब पुलिस टीम ने पाटनी चौराहे पर चेकिंग शुरू की तो संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी में भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।


गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मौके से बलजीत सिंह पुत्र गुरदेव सिंह, निवासी ग्राम बलखेड़ा, थाना नानकमत्ता, जिला उधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया। उसके पास से बरामद स्मैक को सीज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।



तस्करी का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह स्मैक टाटरगंज से लेकर आया था और इसे नेपाल के कैसिनो तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।

एसपी का सख्त संदेश
एसपी चंपावत अजय गणपति ने कहा कि जिले में नशा तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अपराधियों को हर हाल में जेल भेजा जाएगा। उन्होंने साफ किया कि पुलिस की प्राथमिकता युवाओं को नशे की जाल से बचाना है और इसके लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



