

स्थान – भगवानपुर
रिपोर्ट – मुरसलीन अल्वी

भगवानपुर (हरिद्वार)। कहते हैं कि खुशी सिर्फ मुस्कान से नहीं, बल्कि कई बार आंसुओं से भी बयां होती है। ऐसा ही नजारा भगवानपुर क्षेत्र के छोटे से गांव रायपुर में देखने को मिला, जहां विनेश कुमार नामक युवक के आईटीआई प्रिंसिपल पद पर चयन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में जश्न का माहौल बन गया।



गांव में उमड़ी बधाइयों की भीड़
विनेश की सफलता की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, आसपास के रिश्तेदार और ग्रामीण बधाई देने के लिए उमड़ पड़े। घर पर मेहमानों का तांता लग गया और मीडिया भी इस अवसर का गवाह बना। ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के बीच पूरा रायपुर गांव गौरव और उत्साह से सराबोर दिखाई दिया।



मां की आंखों में छलके खुशी के आंसू
इस मौके पर विनेश की मां अपने बेटे की सफलता से इतनी भावुक हो गईं कि उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि बेटे की मेहनत का फल देखकर आज उन्हें जीवन की सबसे बड़ी खुशी मिली है। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस सफलता को ईश्वर का आशीर्वाद बताया।



प्रेरणा से मिली कामयाबी
विनेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्ष 2017 में जब उनके ही गांव के अमित कुमार का चयन डीएसपी पद के लिए हुआ था, तभी से उन्होंने ठान लिया था कि वे भी कुछ बड़ा करेंगे। अमित कुमार से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी तैयारी शुरू की और आज उसका परिणाम उन्हें सफलता के रूप में मिला है।


गांव के लिए गर्व का पल
रायपुर गांव के लोग भी विनेश की इस उपलब्धि को अपनी साझा खुशी मान रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ विनेश के परिवार के लिए, बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है।



