भाजपा युवा मोर्चा के मंत्री पर मुकदमा, फिर बदला बयान – अब क्या है सच्चाई?

भाजपा युवा मोर्चा के मंत्री पर मुकदमा, फिर बदला बयान – अब क्या है सच्चाई?

रिपोर्ट….. ऋषि कपूर
स्थान…… हल्द्वानी

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री विपिन पांडे के खिलाफ दर्ज एक्सीडेंट केस में अब नया मोड़ सामने आया है। जिस मामले में पहले पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था, उसी घटना के कथित पीड़ित ने अब शिकायत से ही मुकरते हुए कहा है कि न तो उन्हें कोई चोट लगी है और न ही वह किसी तरह की कार्यवाही करवाना चाहते हैं।

मामला कैसे शुरू हुआ

कुछ दिन पहले विपिन पांडे की गाड़ी से एक व्यक्ति को चोट लगने की बात सामने आई थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई।

भाजपा नेता की प्रेस कॉन्फ्रेंस

इस प्रकरण में सफाई देते हुए विपिन पांडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने साफ कहा कि उन पर लगाया गया आरोप पूरी तरह झूठा और राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। पांडे ने दावा किया कि भाजपा के ही कुछ लोगों की मिलीभगत से और पुलिस की सहायता से उन पर गलत तरीके से केस दर्ज किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि घटना के दिन उनकी गाड़ी से कोई एक्सीडेंट नहीं हुआ और किसी को चोट भी नहीं लगी। अपने बयान को पुख्ता करने के लिए उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी मीडिया के सामने प्रस्तुत किया, जिसमें कथित घटना का कोई सबूत नहीं मिलता।

पीड़ित ने खुद बदला बयान

पुलिस रिपोर्ट में घायल बताए गए पवन कुमार रलहन ने अब अपना बयान बदलते हुए कहा है कि उन्हें कोई चोट नहीं लगी है। उन्होंने कहा कि वह किसी तरह की कानूनी कार्यवाही नहीं करवाना चाहते और उन्होंने पुलिस से मुकदमा वापस लेने की मांग भी कर दी है।

लेकिन पीड़ित का आरोप है कि पुलिस शिकायत वापस लेने के बजाय उन्हें ही चक्कर कटवा रही है।

अब इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एक ओर पुलिस मुकदमा दर्ज कर चुकी है, दूसरी ओर कथित पीड़ित ने ही घटना से इनकार कर दिया है। वहीं भाजपा नेता इसे राजनैतिक साजिश बता रहे हैं।