

रिपोर्ट – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की ऑब्जर्वर रेहाना रयाज चिश्ती मंगलवार को रानीखेत पहुंचीं, जहां उन्होंने कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्ष नियुक्त करने की प्रक्रिया को लेकर मीडिया से संवाद किया। इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व PCC ऑब्जर्वर गोविन्द सिंह कुंजवाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा सहित जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




संगठन सृजन अभियान के तहत होगा चयन
प्रेस वार्ता में AICC ऑब्जर्वर रेहाना रयाज चिश्ती ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने पूरे देश में संगठन सृजन अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में रानीखेत संगठनात्मक जिले का नया जिलाध्यक्ष चुना जाएगा।


उन्होंने बताया कि इसके लिए रायशुमारी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। ऑब्जर्वर स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं, नगर क्षेत्र की जनता, छात्रों, अग्रिम संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों से मिलेंगे।

चिश्ती ने स्पष्ट किया कि रायशुमारी के बाद SC वर्ग, महिला वर्ग और अन्य संगठनों सहित छह नाम अंतिम रूप से हाईकमान को भेजे जाएंगे। इसके बाद कांग्रेस का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।


भाजपा पर प्रदेश अध्यक्ष का हमला
कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने सोमवार को देहरादून में हुए घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। माहरा ने कहा कि जिस दिन पूरा प्रदेश खटीमा गोलीकांड की बरसी मना रहा था और लोग उन शहीदों को याद कर रहे थे जिनकी कुर्बानी से यह राज्य बना, उस दिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ कदम था।


कांग्रेस की एकजुटता पर जोर
इस दौरान वरिष्ठ नेता गोविन्द सिंह कुंजवाल और अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता का विश्वास ही आने वाले चुनावों में पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।




