नैनीताल–भवाली मार्ग पर भूस्खलन, यातायात पूरी तरह ठप

नैनीताल–भवाली मार्ग पर भूस्खलन, यातायात पूरी तरह ठप

रितेश सागर

नैनीताल। नगर के भवाली मार्ग पर आईटीआई पाइंस के पास पहाड़ दरकने से भारी मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे। अचानक हुए इस भूस्खलन से सड़क पूरी तरह बंद हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

चट्टान में दरार, खतरा बरकरार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम के समय अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। देखते ही देखते पूरा मलबा सड़क पर आ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊपर की चट्टान में बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं, जिससे खतरा लगातार बढ़ रहा है। अंधेरे में जेसीबी से मलबा हटाने का काम भी जोखिम भरा माना जा रहा है।

वैकल्पिक मार्ग से हो रहा यातायात

मार्ग बंद होने के बाद भवाली की ओर जाने वाले वाहनों को वाया बल्दियाखान और नंबर वन बैंड से भेजा जा रहा है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया।

पुराना हादसा याद दिलाता स्थल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस जगह पर आज चट्टान टूटी है, वहीं कुछ वर्ष पहले भी भारी भूस्खलन हुआ था। उस समय पूरी सड़क गायब हो गई थी और मार्ग लंबे समय तक बाधित रहा था।

पुलिस की अपील

तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल भवाली जाने के लिए केवल वैकल्पिक मार्ग का ही प्रयोग करें। फिलहाल भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है, ताकि कोई हादसा न हो।