

स्थान- खटीमा उधम सिंह नगर

रिपोर्ट -अशोक सरकार

आगामी 1 सितंबर को शहीद दिवस के अवसर पर प्रशासन द्वारा राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रण पत्र दिए जाने पर आंदोलनकारियों ने खुशी जाहिर की और इसके लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। शनिवार को खटीमा तहसील सभागार में राज्य निर्माण सेनानी संगठन के बैनर तले आंदोलनकारियों की बैठक आयोजित हुई।



बैठक में आंदोलनकारियों ने कहा कि आमंत्रण पत्र मिलने से उन्हें सम्मान का एहसास हुआ है। इस दौरान उन्होंने तीन सूत्री कार्यक्रम को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाने की घोषणा भी की। साथ ही शहीद स्मारक के पीछे फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए नगर पालिका प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।



राज्य आंदोलनकारियों ने इस संबंध में तहसीलदार वीरेंद्र सजवान से मुलाकात कर स्मारक परिसर की गंदगी की समस्या से अवगत कराया। तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि 1 सितंबर से पहले नगर पालिका द्वारा पूरे परिसर की साफ-सफाई करवा दी जाएगी।


आंदोलनकारियों ने कहा कि शहीद दिवस राज्य के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद करने का दिन है, इसलिए स्मारक स्थल की साफ-सफाई और गरिमा बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।



