जसपुर स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की भरमार, बेड की कमी बनी चुनौती

जसपुर स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की भरमार, बेड की कमी बनी चुनौती

रिपोर्टर-वसीम अहमद
स्थान -जसपुर

बरसात के मौसम में वायरल फीवर और अन्य बीमारियों ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। जनपद उधम सिंह नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसपुर में इन दिनों मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। मौसम में बदलाव और दूषित पानी की वजह से वायरल फीवर, टाइफाइड और खून की कमी जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी धीरेन्द्र मोहन गहलोत ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या वायरल फीवर और टाइफाइड के मरीजों की है।

उन्होंने कहा कि मरीजों की संख्या के हिसाब से अधिक बेड की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल सीमित संसाधनों में मरीजों का उपचार किया जा रहा है।

गहलोत ने लोगों से अपील की कि इस मौसम में पानी हमेशा उबालकर या फिल्टर कर ही पिएं। यदि घर में किसी को वायरल बुखार हो जाए तो उसे आइसोलेट करें ताकि संक्रमण परिवार के अन्य सदस्यों तक न फैले।

अस्पताल प्रशासन ने भी उच्चाधिकारियों से अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में बीमारियां हर साल बढ़ती हैं, ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र को पहले से ही तैयारियों के साथ मजबूत करना जरूरी है।