गदरपुर में दो माह से बंद पड़े घर में चोरी, पुलिस जांच में जुटी

गदरपुर में दो माह से बंद पड़े घर में चोरी, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : गदरपुर

रिपोर्टर : महेंद्र पाल सिंह

गदरपुर में खाली मकान को बनाया निशाना, चोरों ने उड़ाए आभूषण

कस्बे के ईश्वर सिंह के घर में देर रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर कीमती आभूषण और अन्य सामान चुरा लिया। घटना उस समय हुई जब ईश्वर सिंह अपने परिजनों के पास पिछले दो माह से कनाडा गए हुए थे।

पूर्व ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी का पता तब चला जब पड़ोसियों ने घर के दरवाजे व खिड़कियों को संदिग्ध स्थिति में देखा। उन्होंने बताया कि चोरी गए आभूषणों और अन्य सामान का सही ब्योरा ईश्वर सिंह की वापसी के बाद ही मिल पाएगा।

ग्रामीण मुख्त्यार सिंह ने कहा कि लंबे समय से मकान बंद होने की वजह से चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिले हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।