ऋषिकेश में ट्रेन हादसा: बाड़मेर एक्सप्रेस की चपेट में आई महिला की मौत, पहचान जारी

ऋषिकेश में ट्रेन हादसा: बाड़मेर एक्सप्रेस की चपेट में आई महिला की मौत, पहचान जारी

लोकेशन – ऋषिकेश
संवाददाता – सागर रस्तोगी

सोमेश्वर नगर के सामने रेलवे ट्रैक पर सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक अज्ञात महिला बाड़मेर एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। पुलिस ने महिला को अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना 20 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे की है। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सोमेश्वर नगर के सामने रेलवे ट्रैक पर एक महिला ट्रेन से टकरा गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार, महिला गंभीर रूप से घायल थी और उसका बायां पैर घुटने से ऊपर से कट चुका था। तत्काल उसे एम्बुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

कोतवाल प्रदीप राणा ने बताया कि मृतका की अभी पहचान नहीं हो पाई है। उसकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है और उसने गुलाबी रंग का सूट पहना हुआ था।

घटना को लेकर बाड़मेर एक्सप्रेस के लोको पायलट संजय वर्मन का कहना है कि महिला अचानक ट्रेन के सामने आ गई, जिससे वह इंजन की साइड से टकरा गई।

फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी गई है।