मुख्यमंत्री ने भराड़ीसैंण में ली चाय की चुस्कियां, जनता से जाना योजनाओं का फीडबैक

मुख्यमंत्री ने भराड़ीसैंण में ली चाय की चुस्कियां, जनता से जाना योजनाओं का फीडबैक

स्थान : चमोली

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में भराड़ीसैंण भ्रमण के दौरान स्थानीय जनजीवन से सीधे जुड़ने का प्रयास किया।

इस अवसर पर उन्होंने श्री चंद्र सिंह नेगी जी के प्रतिष्ठान पर चाय की चुस्कियों का आनंद लिया और वहां मौजूद स्थानीय लोगों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना।

मुख्यमंत्री ने जनता से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की और फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र के समापन के बाद भराड़ीसैंण में रुककर स्थानीय जनजीवन से जुड़ने का यह अवसर उनके लिए विशेष रहा।

उन्होंने कहा, “गैरसैंण केवल उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी ही नहीं, बल्कि एक अत्यंत सुंदर और संभावनाओं से भरपूर पर्यटन स्थल भी है। यहां की मनमोहक वादियां, शुद्ध पर्वतीय हवा और शांत वातावरण में एक अलग ही ऊर्जा का अनुभव होता है।”

मुख्यमंत्री की इस सहज और आत्मीय मुलाकात को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री का यह जनसंपर्क अभियान जनता के साथ सरकार की सीधी भागीदारी को दर्शाता है।