लोहाघाट महाविद्यालय में छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना, रात्रि कालीन आंदोलन शुरू

लोहाघाट महाविद्यालय में छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना, रात्रि कालीन आंदोलन शुरू

स्थान : लोहाघाट( चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

राजकीय महाविद्यालय लोहाघाट में छात्रों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से धरना-प्रदर्शन जारी है। यह आंदोलन एबीवीपी के बैनर तले एबीवीपी प्रदेश सह मंत्री विवेक पुजारी और छात्रसंघ अध्यक्ष ऋतिक ढेक के नेतृत्व में चल रहा है।

महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रों की मांगों को नजरअंदाज किए जाने पर छात्र नेता भड़क उठे और बुधवार से रात्रि कालीन धरना शुरू कर दिया गया।

छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

छात्रों की प्रमुख मांगों में बीए में 500 सीटों की बढ़ोत्तरी, एमए व एमएससी में 120 सीटों की वृद्धि, एमए में शिक्षाशास्त्र, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र व इतिहास विषयों की कक्षाएं शुरू करना, शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती, लाइब्रेरी में लाइब्रेरियन की नियुक्ति तथा महिला छात्रावास की शीघ्र शुरुआत शामिल हैं।

छात्र नेताओं ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को सीटों की कमी के चलते प्रवेश नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनका शैक्षणिक भविष्य संकट में है।

मंगलवार को छात्रों ने कुलपति का पुतला फूंककर भी विरोध जताया था। रात्रि कालीन धरने में विवेक पुजारी, नीरज सगटा, ऋतिक ढेक, साहिल अधिकारी, गौरव पांडेय, करन सिंह देउपा, शुभम ढेक, मोहित अधिकारी, सागर ढेक सहित कई छात्र नेता मौजूद रहे।