


रिपोर्ट : ऋषि कपूर,
स्थान : हल्द्वानी


नैनीताल जिले के मुखानी क्षेत्र में 3 अगस्त को हुई महिला योगा ट्रेनर ज्योति मेर की हत्या का पुलिस ने 21 दिन बाद खुलासा कर दिया है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी को नेपाल से गिरफ्तार किया गया है। हत्या की वजह रिश्तों में तनाव और पारिवारिक रंजिश सामने आई है।



संदिग्ध युवक निकला सेंटर संचालक का भाई

ज्योति मेर हल्द्वानी स्थित अजय योगा एंड फिटनेस सेंटर में योगा ट्रेनर के रूप में कार्यरत थीं। हत्या के बाद मृतका की माँ की तहरीर पर सेंटर संचालक अजय यादववंशी और उसके भाई अभय यादववंशी पर शक जताया गया था।


SSP मीणा ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध युवक की पहचान अजय के भाई अभय कुमार उर्फ राजा (24 वर्ष), निवासी बिहार के रूप में हुई।


नेपाल भागा था आरोपी, टीम ने दबोचा
तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने नेपाल में नगला तिराहा के पास 19 अगस्त को अभय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल ली।

हत्या की वजह: संबंध, रंजिश और अपमान
पुलिस के अनुसार, अभय ने बताया कि मृतका ज्योति और उसके भाई अजय के बीच नाजायज़ संबंध थे। इसी कारण अजय ने अपने भाई को आर्थिक मदद देना बंद कर दिया और घर से निकाल दिया। इसी अपमान और नाराज़गी में अभय ने ज्योति की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर नेपाल भाग गया।


❖ सबूत भी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया है। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹2,500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।



