

रिपोर्ट : अकरम चौधरी
लोकेशन : बाजपुर


नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते और ब्लॉक प्रमुख पति जोराबर भुल्लर ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पार्टी में हो रहे भीतरघात और पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। दोनों नेताओं ने कांग्रेस हाईकमान से ऐसे पुराने पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित करने की माँग की, जो भाजपा को परोक्ष समर्थन देकर कांग्रेस उम्मीदवारों को हराने की कोशिशों में लगे रहे।



प्रेस वार्ता के दौरान ब्लॉक प्रमुख पति जोराबर भुल्लर ने कहा,


“ब्लॉक प्रमुख चुनाव के समय कुछ पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुझे हराने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। जब वो नाकाम रहे, तो भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलकर मेरी हार सुनिश्चित करने की कोशिश की गई, लेकिन मैं कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में विजयी हुआ।”



इसी तरह, नगरपालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते ने भी आरोप लगाया कि नगरपालिका चुनाव में उन्हीं पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भीतरघात किया था।

“इन कार्यकर्ताओं ने हर संभव प्रयास किया कि मैं चुनाव हार जाऊँ, लेकिन जनता के आशीर्वाद और पार्टी के सच्चे समर्थकों की वजह से मैं कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में विजय प्राप्त कर सका,” – गित्ते ने कहा।

कड़ी चेतावनी कांग्रेस हाईकमान को
दोनों नेताओं ने एक स्वर में कांग्रेस हाईकमान से माँग की कि ऐसे गद्दार प्रवृत्ति के कार्यकर्ताओं को तुरंत पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कांग्रेस हाईकमान ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो इसका पूरा दायित्व पार्टी नेतृत्व पर होगा।



