कलियर दरगाह उर्स मेला: प्रशासन अलर्ट मोड पर, तैयारियाँ जोरों पर

कलियर दरगाह उर्स मेला: प्रशासन अलर्ट मोड पर, तैयारियाँ जोरों पर

स्थान ; रुड़की

कलियर शरीफ स्थित हज़रत साबिर पाक की दरगाह पर आयोजित होने वाले सालाना उर्स मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। 24 अगस्त से शुरू होने वाला यह मेला आगामी 20 दिनों तक चलेगा, जिसमें देशभर से लाखों जायरीन पहुंचने की उम्मीद है।

प्रशासन ने कमान संभाली
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने उर्स मेले की व्यवस्था को लेकर निरीक्षक गोविंद कुमार को मेला प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेले में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिस बल की भारी तैनाती की जाएगी।

सुरक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता


प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम और ड्रोन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं भी लगाई जाएंगी।

अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। धनौरी रोड, इमाम साहब रोड और अब्दाल साहब रोड पर फैले अवैध कब्जे हटाए गए, ताकि आने-जाने में जायरीनों को कोई दिक्कत न हो।

प्रशासन का भरोसा: व्यवस्था इस बार बेहतर
प्रशासन ने दावा किया है कि इस बार मेला व्यवस्था और बेहतर होगी। स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई, ट्रैफिक और आवास की समुचित व्यवस्था की जा रही है। किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।