

स्थान : हरिद्वार


बीएचईएल प्लांट परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी कार के इंजन में 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर जा घुसा। यह हैरान कर देने वाली घटना भेल कर्मचारी की निजी कार में हुई, जब उसने कार स्टार्ट करने से पहले इंजन चेक किया और अंदर अजगर को कुंडली मारकर बैठे देखा।



कार में अजगर को देखकर कार मालिक के होश उड़ गए। थोड़ी ही देर में यह खबर फैल गई और आसपास काम कर रहे अन्य भेल कर्मचारी मौके पर जुट गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ लग गई।



अजगर के कार में घुसने की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। लेकिन इससे पहले कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचती, कुछ साहसी भेल कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाते हुए सतर्कता के साथ अजगर को कार से बाहर निकाल दिया।


अजगर को बाहर आते देख एक बार फिर लोग दहशत में आ गए, लेकिन कर्मचारियों की सतर्कता और सूझबूझ से कोई हादसा नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह अजगर करीब 12 फीट लंबा था और संभवतः आस-पास के जंगल से भटककर भेल परिसर में आ गया होगा। कार के गर्म इंजन की ओर आकर्षित होकर वह उसके भीतर जा छिपा।

भेल प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वन्य जीवों के प्रवेश को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं, वन विभाग की टीम ने भी क्षेत्र का निरीक्षण कर भविष्य में ऐसे किसी खतरे से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।



गनीमत रही कि समय रहते अजगर को देख लिया गया, अन्यथा यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।


