कॉर यूनिवर्सिटी में बीटेक छात्र पर जानलेवा हमला, कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कॉर यूनिवर्सिटी में बीटेक छात्र पर जानलेवा हमला, कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रिपोर्टर : अरशद हुसैन
स्थान : रुड़की

कॉर यूनिवर्सिटी के कैंपस में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बीटेक तृतीय वर्ष के एक छात्र पर छात्रों के ही एक अन्य गुट ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले की यह घटना कक्षा के दौरान हुई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर छात्र घटनास्थल से फरार हो गए।

घायल छात्र की पहचान प्रिंस लोहान पुत्र लोकेश लोहान, निवासी साउथ सिविल लाइन के रूप में हुई है, जो यूनिवर्सिटी में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है।

हमले के तुरंत बाद कॉलेज प्रशासन द्वारा उसे प्राथमिक उपचार यूनिवर्सिटी परिसर में ही दिया गया। सूचना मिलते ही छात्र के परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना को लेकर छात्र के परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कॉलेज परिसर में हथियार लेकर छात्रों का प्रवेश होना सुरक्षा व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यूनिवर्सिटी में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा रही है, जिससे पढ़ाई के माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

परिजनों द्वारा बहादराबाद थाना कोतवाली में लिखित तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमलावर छात्रों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी जवाब तलब किया जाएगा, साथ ही परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाएगी।