


स्थान : उत्तरकाशी


जिले में मंगलवार देर रात से जारी मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर यमुनाघाटी क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। क्षेत्र की प्रमुख नदियां और खड्डें उफान पर हैं, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।



पुरोला क्षेत्र में कुमोला खड़ और कमल नदी उफान पर हैं, वहीं हुडोली बाजार के समीप हुडोली खड्ड का भी रौद्र रूप सामने आया है। सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा और बरसाती पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


नौगांव-पुरोला स्टेट हाइवे पर हुडोली गदेरे के उफान में आने के कारण यातायात पूर्णतः बाधित हो गया। राहगीरों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना पड़ रहा है।



इसी प्रकार पुरोला स्थित नई पार्किंग के समीप की पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। पहाड़ी से गिरते पेड़ और बोल्डर खतरे का कारण बन रहे हैं।

मंगलवार देर रात एक विशाल पेड़ और चट्टान पार्किंग में जा गिरे, हालांकि सौभाग्यवश वहां खड़े वाहन बाल-बाल बच गए।प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। राजस्व विभाग व आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।



स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।



