अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, बार-बेंच की गरिमा बनाए रखने का लिया संकल्प

अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, बार-बेंच की गरिमा बनाए रखने का लिया संकल्प

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

अधिवक्ता संघ (बार एसोसिएशन) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर में सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अंजलि नौलियाल ने की। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

गौरतलब है कि बार एसोसिएशन के दिवार्षिक चुनाव गत 6 अगस्त को संपन्न हुए थे, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट विजय प्रकाश पांडे और एडवोकेट हिमांशु बिष्ट को समान मत प्राप्त हुए। बाद में दोनों प्रत्याशियों की सहमति से यह तय हुआ कि वे एक-एक वर्ष का कार्यकाल साझा करेंगे।

इस ऐतिहासिक निर्णय के तहत दोनों अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की।

निर्वाचित पदाधिकारी:

  • अध्यक्ष: एडवोकेट विजय प्रकाश पांडे / एडवोकेट हिमांशु बिष्ट (संयुक्त कार्यकाल)
  • उपाध्यक्ष: एडवोकेट जी.डी. करगेती
  • महामंत्री (सचिव): एडवोकेट कुबेर कार्की
  • उप सचिव: एडवोकेट जरीना उमर
  • कोषाध्यक्ष: एडवोकेट नासिर हुसैन
  • लेखा परीक्षक: एडवोकेट नरेंद्र सिंह (निर्विरोध निर्वाचित)

शपथ ग्रहण समारोह में सिविल जज जसमीत कौर, बार के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश रौतेला, एड. आर.एन. वैला, एड. प्रमोद पांडे, एड. सी.पी. पांडे, एड. महेंद्र सिंह बिष्ट, एड. महेश पांडे और एड. नवीन उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता गण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में न्यायिक प्रक्रिया को सहयोगात्मक बनाने, अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और बार-बेंच के मधुर संबंध बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही अधिवक्ता हित में सकारात्मक कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।