गंगा भोगपुर के रिसॉर्ट में रेव पार्टी का भंडाफोड़, 9 महिलाओं सहित 37 गिरफ्तार

गंगा भोगपुर के रिसॉर्ट में रेव पार्टी का भंडाफोड़, 9 महिलाओं सहित 37 गिरफ्तार

लोकेशन – लक्ष्मण झूला /ऋषिकेश
रिपोर्टर : सागर रस्तोगी

उत्तराखंड के लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा भोगपुर स्थित इवाना रिसॉर्ट में चल रही अवैध रेव पार्टी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान 9 महिलाओं सहित कुल 37 लोगों को हिरासत में लिया गया, जो उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जिले से आए दुकानदार बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल और रामझूला चौकी प्रभारी उत्तम रमोला की संयुक्त टीम ने इवाना रिसॉर्ट में छापा मारा। जांच में सामने आया कि यह रेव पार्टी अन्य राज्यों से आए लोगों के लिए आयोजित की गई थी।

गौरतलब है कि एसडीएम यमकेश्वर द्वारा 1 जुलाई से सभी रिसॉर्ट बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे, जो अब भी प्रभावी हैं। ऐसे में रिसॉर्ट संचालक प्रशांत के खिलाफ सरकारी आदेशों के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पार्टी का आयोजन एक एग्रीकल्चर कंपनी के मैनेजर ने किया

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस पार्टी का मुख्य आयोजक मवाना (उत्तर प्रदेश) निवासी मनोज कुमार है, जो एक एग्रीकल्चर कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि कंपनी द्वारा दिए गए चार करोड़ रुपये के टारगेट को पूरा करने पर दुकानदारों को इनाम के रूप में यह रेव पार्टी दी गई थी।

मनोज ने लोकलुभावनी स्कीम के तहत अपने ग्राहकों को पार्टी के लिए आमंत्रित किया था। फिलहाल पुलिस ने मनोज सहित सभी 37 लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पिछले वर्ष भी हुआ था ऐसा ही मामला

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी गंगा भोगपुर के एक अन्य रिसॉर्ट में इसी तरह की रेव पार्टी पकड़ी गई थी, जिससे क्षेत्र में रिसॉर्ट्स की निगरानी को लेकर कई सवाल उठे थे।

इस घटना के बाद पुलिस ने रिजॉर्ट्स और बाहरी आयोजनों पर निगरानी और कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं।