ऋषिकेश में गंगा उफान पर, त्रिवेणी घाट जलमग्न — प्रशासन अलर्ट पर

ऋषिकेश में गंगा उफान पर, त्रिवेणी घाट जलमग्न — प्रशासन अलर्ट पर

ऋषिकेश
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। ऋषिकेश में लगातार दो दिन से हो रही भारी बारिश के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा को पार कर गया है, जिससे तटीय क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है।

त्रिवेणी घाट का आरती स्थल पूरी तरह से गंगा में समा गया है। पानी का बहाव इतना तेज है कि जल पुलिस चौकी तक पानी पहुंच गया है, जिससे पुलिसकर्मी अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर रहे हैं। घाटों और तटों पर पानी भरने से गंगा आरती सहित सभी धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं।

प्रशासन अलर्ट मोड पर:
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गंगा तटों पर जल पुलिस के जवानों को तैनात किया है। साथ ही, तटीय इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। त्रिवेणी घाट, मुनि की रेती और अन्य घाटों पर लोगों की आवाजाही फिलहाल रोकी जा रही है।


प्रशासन की चेतावनी और अपील:

  • गंगा घाटों के आसपास न जाएं
  • प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें
  • जल स्तर में और वृद्धि की आशंका, सतर्क रहें
  • किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन पर संपर्क करें

गौरतलब है:
गंगा के जलस्तर में निरंतर बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे अगले 24 से 48 घंटे अत्यधिक संवेदनशील माने जा रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।