

विनोद पांडे – संवाददाता

देहरादून
उत्तराखंड से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्यभर में लगातार 16 घंटे से अधिक समय से रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर प्रशासन ने प्रदेशभर में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है।




प्राकृतिक आपदा का यह प्रकोप प्रदेश के 13 जिलों को अपनी चपेट में ले चुका है, जहां मुख्य और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। भारी बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आई हैं। कई स्थानों पर सड़कों के पूरी तरह टूटने से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क जिला मुख्यालयों से कट गया है।


घरों में दरारें और पानी का कहर
बारिश का असर सिर्फ सड़कों तक ही सीमित नहीं है। कई घरों में दरारें आने और बारिश का पानी भीतर घुसने की खबरें मिल रही हैं। लोग अपने घरों में ही कैद हो गए हैं और भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी बाधित हो चुकी है।




उत्तरकाशी में बादल फटने से हड़कंप, कई लापता
उत्तरकाशी जिले से सबसे बड़ी और चिंताजनक खबर आई है, जहां बादल फटने की घटना के चलते कई लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। आपदा प्रभावित क्षेत्र में एसडीआरएफ, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। प्रशासन ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है।


राज्य में रेड अलर्ट, प्रशासन पूरी तरह सतर्क
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रदेशभर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को नदियों व नालों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और लोक निर्माण विभाग की टीमें चौबीसों घंटे तैनात हैं।




प्रशासन की अपील:

- घरों से बाहर न निकलें
- पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा फिलहाल टालें
- अफवाहों से बचें, केवल अधिकृत जानकारी पर भरोसा करें
- आपात स्थिति में प्रशासनिक कंट्रोल रूम से संपर्क करें



