नगर पंचायत सीमा विस्तार की मांग को लेकर विधायक से मिले संघर्ष समिति के प्रतिनिधि

नगर पंचायत सीमा विस्तार की मांग को लेकर विधायक से मिले संघर्ष समिति के प्रतिनिधि

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने आज लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट से उनके आवास पर मुलाकात की और नगर पंचायत लालकुआँ से सटी कॉलोनियों को पंचायत क्षेत्र में शामिल किए जाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

संघर्ष समिति के संयोजक जीवन कबड़वाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि लालकुआँ क्षेत्र की कई कॉलोनियां जैसे कि लाइन पार संजय नगर, राजीव नगर, बंगाली कॉलोनी, बजरी कम्पनी क्षेत्र और खड्डी मोहल्ला वर्तमान में नगर पंचायत क्षेत्र से बाहर हैं, जबकि ये सभी इलाके शहरी सुविधाओं के लिए पूरी तरह नगर पंचायत पर ही निर्भर हैं।

प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्ष 1975 में उत्तर प्रदेश शासनादेश के अनुसार लालकुआँ को राजस्व ग्राम का दर्जा मिला था, लेकिन बंदोबस्ती प्रक्रिया के दौरान तकनीकी त्रुटियों के चलते कई क्षेत्र नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल नहीं हो सके।

अब इन क्षेत्रों को नगर पंचायत में सम्मिलित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वहां के निवासियों को मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस मांग को संबंधित अधिकारियों एवं शासन के समक्ष गंभीरता से उठाएंगे।