हरिद्वार के अहमदपुर में बाढ़ का कहर: फैक्ट्री में फंसे 150 से अधिक लोग, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हरिद्वार के अहमदपुर में बाढ़ का कहर: फैक्ट्री में फंसे 150 से अधिक लोग, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हरिद्वार

बहादराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में देर रात बाढ़ का पानी घुसने से हड़कंप मच गया। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र उत्तम डिस्टिलरी फैक्ट्री रही, जहां अचानक बाढ़ का पानी घुसने से फैक्ट्री के अंदर 150 से अधिक लोग फंस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही 112 कंट्रोल रूम ने तुरंत अलर्ट जारी किया, जिसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और जल पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

पुलिस उपनिरीक्षक प्रदीप राठौर, चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार के नेतृत्व में राहत व बचाव कार्य को अंजाम दिया गया। रातभर चले ऑपरेशन में 40 मजदूरों और 12 ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रशासन ने बताया कि फैक्ट्री परिसर से सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है और हालात अब नियंत्रण में हैं। मौके पर राहत एवं बचाव टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें।