


लोकेशन- लक्ष्मण झूला

संवाददाता – सागर रस्तोगी

नीलकंठ से लक्ष्मण झूला की ओर आ रही एक कार पर शनिवार को उस समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया जब काली कुंड के पास अचानक पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर गिरकर कार पर आ गिरा। बोल्डर कार के अगले हिस्से को चीरता हुआ गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।



बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य
कार में सवार अमरोहा निवासी मनीष, उनकी पत्नी अंजू और 10 वर्षीय बेटी यशवी यात्रा पर थे। हादसे में मनीष को मामूली चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी और बेटी सकुशल बच निकले।

घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मण झूला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मनीष को निकटवर्ती अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।


पहाड़ी से गिरा बोल्डर, सड़क पर मलबा
थाना प्रभारी संतोष पैथवाल ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार नीलकंठ मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था। काली कुंड के पास अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरने से कार के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा।

बोल्डर और मलबा गिरने से नीलकंठ-लक्ष्मण झूला मोटर मार्ग अस्थाई रूप से अवरुद्ध हो गया।


जेसीबी से मलबा हटाकर मार्ग किया गया सुचारु
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद मौके पर जेसीबी मशीन बुलाकर मलबा हटवाया गया और कुछ ही देर में मार्ग को दोबारा वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।



बरसात में पहाड़ी क्षेत्रों में सफर से पहले रहें सतर्क
इस घटना ने एक बार फिर बरसात के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में सफर के खतरों को उजागर किया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतें और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।
यह घटना राहत की बात है कि बड़ा हादसा होते-होते टल गया, लेकिन यह पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक चेतावनी है।



