
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। STF और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से कुल 190 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अदनान कुरैशी पुत्र अयूब कुरैशी के रूप में हुई है। आरोपी बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के लाइन नंबर 17, लाल मस्जिद के सामने, वार्ड नंबर 25 का रहने वाला है। संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।



STF की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी के कब्जे से बरामद 190 इंजेक्शनों में 95 बुप्रेनॉरफिन और 95 एविल इंजेक्शन शामिल हैं। पुलिस ने सभी इंजेक्शनों को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF के निर्देश पर प्रदेशभर में नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कुमाऊं यूनिट लगातार सूचनाएं जुटाकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रख रही है।


STF की कुमाऊं यूनिट को बनभूलपुरा क्षेत्र में नशीले इंजेक्शनों से संबंधित सूचना मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से इंजेक्शन बरामद किए।
गिरफ्तारी के बाद STF अब आरोपी से पूछताछ कर नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह जानकारी भी जुटा रही है कि इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और इनकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। इसके लिए आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।



इस कार्रवाई में STF कुमाऊं यूनिट के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, मुख्य आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं, बनभूलपुरा पुलिस की ओर से निरीक्षक दिनेश फर्त्याल, उपनिरीक्षक जगबीर सिंह और आरक्षी सुनील कुमार ने संयुक्त अभियान में सहयोग किया।
STF उत्तराखंड ने आम जनता से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से नशीले पदार्थों और दवाओं की अवैध बिक्री से संबंधित जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है।

