अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: कार खाई में गिरी, एक युवक की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल

अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: कार खाई में गिरी, एक युवक की मौत, चालक गंभीर रूप से घायल

स्थान : रामनगर
रिपोर्टर : सलीम अहमद साहिल

बुधवार सुबह अल्मोड़ा जनपद के भतरोंजखान थाना क्षेत्र के गोदी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 जुलाई 2025 को सुबह लगभग 5:30 बजे, एक एर्टिगा कार (UK19TA-2494) दिल्ली से देघाट की ओर जा रही थी, जो ग्राम पनुवाडोखन के पास अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में 18 वर्षीय मोहित कुमार, पुत्र चंदन राम, निवासी ग्राम तिमली, पीपोरा, तहसील स्याल्दे, थाना देघाट, जिला अल्मोड़ा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, कार चालक सुरेश राम (45 वर्ष), पुत्र बहादुर राम, निवासी J3/22A, संगम विहार, नई दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर घायल चालक को बाहर निकाला और उसे रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। मृतक का शव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, भतरोंजखान में रखा गया है और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप सिंह पांती ने बताया कि घायल की स्थिति गंभीर है, उसे प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि जब तक घायल को अस्पताल लाया गया, एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी, जिसे परिजन रानीखेत ले गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना स्थल बेहद खतरनाक और संकरी सड़क वाला क्षेत्र है, जहां अक्सर हादसों की आशंका बनी रहती है। हादसे की खबर से मृतक के गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं रोकी जा सकें।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच जारी है।