भाजपा कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन, स्थानीय ब्लॉगर की गिरफ्तारी की मांग

भाजपा कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन, स्थानीय ब्लॉगर की गिरफ्तारी की मांग

रिपोर्टर -: आसिफ इक़बाल
लोकेशन -: रामनगर

रामनगर में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कोतवाली परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर एक स्थानीय ब्लॉगर बिरजू मयाल की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ब्लॉगर ने सोशल मीडिया पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री दिनेश मेहरा और महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।

इस धरने का नेतृत्व नगर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष बलदेव सिंह, पिरूमदारा मंडल अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल और खुद दिनेश मेहरा ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि ब्लॉगर ने एक वीडियो में दिनेश मेहरा पर व्यक्तिगत आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, साथ ही भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को लेकर भी अशोभनीय टिप्पणियां की गई हैं। उन्होंने इसे आपराधिक कृत्य बताते हुए ब्लॉगर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह की भाषा न केवल मानसिक पीड़ा देती है, बल्कि सामाजिक रूप से अपमानजनक भी है। उन्होंने ब्लॉगर पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

दिनेश मेहरा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी छवि को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश की गई है। उन्होंने कहा कि वे कानून पर भरोसा रखते हैं, लेकिन ऐसी हरकतें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल ने कहा कि यह ब्लॉगर बार-बार सोशल मीडिया का दुरुपयोग करता है और समाज में नफरत फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने मांग की कि या तो उसे जेल भेजा जाए या उसकी मानसिक स्थिति की जांच कराई जाए।

रामनगर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मामले में भाजपा नेताओं द्वारा लिखित शिकायत दी गई है और जांच जारी है। तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा नेताओं ने प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिलेभर में बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।