नंदपुर में पुश्तैनी जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, युवक ने पानी की टंकी पर चढ़कर की आत्महत्या की कोशिश

नंदपुर में पुश्तैनी जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, युवक ने पानी की टंकी पर चढ़कर की आत्महत्या की कोशिश

रिपोर्टर-: आसिफ इक़बाल
लोकेशन-: रामनगर

रामनगर (नैनीताल)। रामनगर क्षेत्र के नंदपुर गांव में पुश्तैनी जमीन विवाद ने तूल पकड़ लिया है। न्याय न मिलने से हताश एक युवक भरत सैनी ने रविवार को पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवक की पहचान नंदपुर निवासी भरत सैनी के रूप में हुई है।

भरत के भाई पवन सैनी ने बताया कि पुश्तैनी जमीन का विवाद केवल सिंह और मानसिंह नामक दो भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहा है। आरोप है कि उनके हिस्से की जमीन धोखे से बेच दी गई है और अब उस पर अवैध कब्जे की कोशिशें की जा रही हैं।

पवन ने दावा किया कि कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री की गई, और जब उन्होंने दाखिल-खारिज में आपत्ति दर्ज कराई तो उन्हें धमकाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि रामनगर तहसील में उनके ओरिजिनल दस्तावेज भी छीन लिए गए।

परिजनों का आरोप है कि एक पूर्व प्रधान और रामनगर के एक प्रॉपर्टी डीलर मिलकर पुलिस की मिलीभगत से जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं।

घटना के बाद रामनगर कोतवाल ने बताया कि युवक द्वारा पानी की टंकी पर चढ़ना प्रशासन पर दबाव बनाने का तरीका था। मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है और चूंकि मामला राजस्व से जुड़ा है, इसलिए रेवेन्यू विभाग के सहयोग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

भरत सैनी के परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे सामूहिक आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।