भारतीय सेना के लांस नायक सुरेंद्र सिंह का निधन, गांव में शोक की लहर

भारतीय सेना के लांस नायक सुरेंद्र सिंह का निधन, गांव में शोक की लहर

स्थान : चमोली

भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे वाण गांव (चमोली) निवासी लांस नायक सुरेंद्र सिंह का बीमारी के चलते दुखद निधन हो गया। उनके निधन की खबर जैसे ही गांव और जिले में फैली, समूचे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई।

सेना के ज्योतिर्मठ स्थित गढ़वाल स्काउट यूनिट में तैनात बलिदानी सुरेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव वाण लाया गया। जैसे ही तिरंगे में लिपटा शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शहीद बेटे को अंतिम बार देखने को गांव और आसपास के सैकड़ों लोग उमड़ पड़े।

गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ सुरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के समय ‘भारत माता की जय’ और ‘अमर रहे सुरेंद्र सिंह’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह लंबे समय से बीमार थे और सेना के अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन देश के इस सपूत को बचाया नहीं जा सका।

ग्रामीणों और सेना के अधिकारियों ने उनकी शहादत को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बलिदानी सुरेंद्र सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।