रुद्रप्रयाग: भारी बारिश से सोनप्रयाग क्षेत्र में मलबा आने से कई स्थानों पर मार्ग बाधित

रुद्रप्रयाग: भारी बारिश से सोनप्रयाग क्षेत्र में मलबा आने से कई स्थानों पर मार्ग बाधित

रुद्रप्रयाग

जिले में रात्रि के समय हुई तेज बारिश के चलते सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत कई स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने से मार्ग बाधित हो गया है।

विशेष रूप से सोनप्रयाग बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास, शटल पुल के समीप, तथा मुनकटिया के पास मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना है।

प्रशासन और संबंधित कार्यदायी संस्थाएं मार्गों को खोलने के लिए रात्रि से ही सक्रिय हैंमशीनों और श्रमिकों की सहायता से मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द आवागमन बहाल किया जा सके।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी जा सके।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग द्वारा पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, लिहाज़ा लोगों से पर्वतीय क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।