बाराकोट ब्लॉक के लुवाकोट की 4 वर्षीय मासूम इंदु अधिकारी की जिंदगी लड़ाई जारी, मदद के लिए आगे आए लोग

बाराकोट ब्लॉक के लुवाकोट की 4 वर्षीय मासूम इंदु अधिकारी की जिंदगी लड़ाई जारी, मदद के लिए आगे आए लोग

स्थान: लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

बाराकोट ब्लॉक की रेगांव ग्राम सभा के लुवाकोट निवासी 4 वर्षीय मासूम इंदु अधिकारी लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में जीवन और मौत की जंग लड़ रही है।

सांस लेने में गंभीर दिक्कत के कारण इंदु की हालत नाजुक बनी हुई है। इंदु की मां नंदी देवी भी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और वर्तमान में चिकित्सालय में उनका उपचार चल रहा है।

शनिवार को इंदु की बड़ी बहन चंदा देवी की गंभीर स्थिति में इंदु को चिकित्सालय लेकर आई। सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी के प्रयासों से इंदु को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिजिशियन डॉक्टर राकेश जोशी ने इंदु का परीक्षण किया और बेहतर उपचार की आवश्यकता जताई है।

सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने बताया कि इंदु का जन्म प्रमाण पत्र न होने के कारण आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया है, जिससे परिवार को आर्थिक सहायता मिलने में दिक्कत हो रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। पिता शारीरिक कमजोरी के कारण काम करने में असमर्थ हैं और मां अस्पताल में भर्ती हैं।

सचिन जोशी ने समस्त क्षेत्रवासियों, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे मासूम इंदु की जान बचाने के लिए मदद के हाथ बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि इंदु को इस वक्त अत्यधिक आर्थिक सहायता की जरूरत है ताकि वह स्वस्थ होकर फिर से मुस्कुरा सके।

जो भी दानदाता इंदु की मदद करना चाहता है, वह सचिन जोशी से 9411308836 नंबर पर संपर्क कर सकता है। वहीं, इंदु के 15 वर्षीय भाई नीरज की आंखों से बहती आंसू बहन की हालत देखकर रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।

मासूम इंदु के लिए मदद का संकल्प लें, समय रहते दें सहायता।