

लोकेशन- मुनिकीरेती

संवाददाता – सागर रस्तोगी

तपोवन क्षेत्र में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन लगाम’ के तहत मुनिकीरेती थाना पुलिस ने दो वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है, जो नियमों का उल्लंघन करते हुए हूटर और नीली बत्ती लगाकर रौब झाड़ रहे थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को चेकिंग के दौरान रोका और न केवल हूटर व नीली बत्ती को हटाया बल्कि भारी जुर्माना भी लगाया।



पुलिस से बहस करने पर और सख्ती
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि तपोवन क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक वाहन हूटर बजाते हुए आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर चालक ने पुलिसकर्मियों से बहस करनी शुरू कर दी।



वहीं, दूसरे वाहन में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष की नेम प्लेट लगी हुई थी, जिस पर नियम विरुद्ध नीली बत्ती लगी थी। पूछताछ के दौरान चालक कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं दिखा सका।


हूटर और नीली बत्ती जब्त, चालकों पर जुर्माना
पुलिस ने मौके पर ही दोनों वाहनों से हूटर और नीली बत्ती को जब्त कर लिया। इसके साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी भरकम चालान भी काटा गया। पुलिस का कहना है कि दोनों चालकों ने विरोध किया, जिसके चलते उनके खिलाफ पुलिस एक्ट में अलग से कार्रवाई की गई।

ऑपरेशन लगाम के तहत कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन लगाम’ के तहत की गई है।


इस ऑपरेशन का उद्देश्य है कि कानून का उल्लंघन करने वालों, गैर जरूरी रौब दिखाने वालों और ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखने वालों पर सख्ती से लगाम कसी जाए।


