


रिपोर्टर : शहजाद अली
हरिद्वार, 2 जून 2025

हरिद्वार के शिवालिक नगर से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक चलती बाइक पर सवार युगल से चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते हुए एक युवक साफ नजर आ रहा है।

घटना में दिख रहा है कि एक युगल बाइक से जा रहा था, तभी पीछे से तेज़ रफ्तार में एक अन्य बाइक सवार आता है और महिला के गले से चलती बाइक पर ही सोने की चेन झपट लेता है।


चेन झपटने के बाद आरोपी भागने की कोशिश करता है, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ता है और वह बाइक समेत गिर जाता है।


गिरा फिर भी भाग निकला आरोपी
गिरने के बावजूद आरोपी तुरंत उठकर घबराहट में बाइक उठाता है और मौके से फरार हो जाता है। वीडियो में कुछ स्थानीय लोग उसका पीछा करते हुए भी नजर आते हैं, मगर आरोपी उन्हें चकमा देकर भागने में सफल हो जाता है।

सीसीटीवी फुटेज से पहचान की कोशिश
सूत्रों के अनुसार, पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, और पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।



पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की जा रही हैं। क्षेत्र में पेट्रोलिंग और सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।




