


लोकेशन – लक्सर
रिपोर्टर -रामगोपाल

लक्सर तहसील क्षेत्र के अब्दीपुर गांव में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पॉपुलर के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गांव के जंगल में स्थित खसरा संख्या 131 क की सैकड़ों बीघा विवादित सरकारी भूमि पर लगे लाखों रुपये कीमत के पेड़ कुछ दबंग लोगों द्वारा रातों-रात काट लिए गए।




घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान और क्षेत्र के कुछ जागरूक नागरिकों ने तुरंत पुलिस और राजस्व विभाग को इसकी सूचना दी। ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और पेड़ों की कटाई को रुकवाया।


सूचना के कई घंटों बाद तहसील प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके पर कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर जांच शुरू की। अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।


शिकायतकर्ताओं और ग्राम प्रधान का आरोप है कि यह जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है और इस पर लगे पेड़ों को हड़पने के उद्देश्य से कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा यह कटाई की गई है। उनका यह भी कहना है कि प्रशासन के कुछ लोग इस पूरे मामले में मिलीभगत कर सकते हैं।


विवादित भूमि का मामला कोर्ट में लंबित है, फिर भी इस तरह से पेड़ों की अवैध कटाई से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।


प्रशासन ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।




