मनरेगा में बड़ा घोटाला, काम बिना भुगतान – कई अधिकारी घेरे में

मनरेगा में बड़ा घोटाला, काम बिना भुगतान – कई अधिकारी घेरे में

लक्सर

रिपोर्ट -रामगोपाल

हरिद्वार जिले में मनरेगा योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है। सीडीओ के निर्देश पर हुई जांच में यह खुलासा हुआ कि कई ग्राम पंचायतों में बिना काम कराए ही मजदूरों के नाम पर फर्जी भुगतान किया गया।

जांच में पाया गया कि कुछ मामलों में मृतकों के नाम पर भुगतान हुआ, तो कहीं महिलाओं की जगह पुरुषों की तस्वीरें लगाकर धन निकाला गया।

मनरेगा योजना में सबसे ज्यादा गड़बड़ी रुड़की और लक्सर ब्लॉक में पाई गई है। लक्सर में 29 ग्राम पंचायतों से मेट्स को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया, वहीं रुड़की से 45, भगवानपुर से 6 और खानपुर से 2 मेट्स को हटाया गया है।

सीडीओ हरिद्वार ने इस घोटाले में लिप्त 14 ग्राम विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है और संबंधित ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी किए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, यह फर्जीवाड़ा लंबे समय से चल रहा था, लेकिन अब खुलासे के बाद जिलेभर के संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है।

जांच जारी है और प्रशासन का दावा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।