रुड़की में भाजपा नेता से लूट का प्रयास, हमलावर CCTV में कैद

रुड़की में भाजपा नेता से लूट का प्रयास, हमलावर CCTV में कैद

रूड़की

रिपोर्ट- प्रिंस शर्मा

शहर के आदर्शनगर में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद सुबोध सैनी पर उनके कार्यालय में दो अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला करने और लूट का प्रयास किया। हालांकि भाजपा नेता की हिम्मत और सतर्कता के चलते लुटेरे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से भाग निकले।

घटना उस समय हुई जब सुबोध सैनी रोज़ की तरह अपने कार्यालय में बैठे थे। तभी दो युवक चाकू लेकर अचानक ऑफिस में घुसे और उन पर वार करने की कोशिश की। सुबोध सैनी ने साहस दिखाते हुए हमलावरों से भिड़ने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से अफरातफरी मच गई लेकिन हमलावर मौके से बाहर खड़ी एक सफेद वैगनआर कार में बैठकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया।

पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सुबोध सैनी ने तत्काल सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी और अपनी सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी के अनुसार, “CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जिन नंबरों की जानकारी मिली है, उन पर काम किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

गौरतलब है कि हाल ही में क्षेत्र में इस तरह की आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना भी बढ़ रही है। भाजपा नेता सुबोध सैनी ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को उक्त सफेद वैगनआर या हमलावरों के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।