अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को मिली विश्वस्तरीय सुविधाएं, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने किया करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण

अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को मिली विश्वस्तरीय सुविधाएं, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने किया करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण

रिपोर्ट : संजय जोशी
स्थान : अल्मोड़ा

उत्तराखंड के चिकित्सा क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने सोमवार को सोबन सिंह जीना राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा में अत्याधुनिक मशीनों और चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 10.48 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से स्थापित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया।

क्षेत्रीय जनता और छात्रों को मिलेगा लाभ

डॉ रावत ने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं से जहां क्षेत्रीय लोगों को सुलभ और सटीक चिकित्सा सुविधा मिलेगी, वहीं मेडिकल छात्रों को विश्वस्तरीय तकनीकी ज्ञान प्राप्त होगा। इससे उनकी व्यावहारिक दक्षता में भी वृद्धि होगी।


प्रमुख लोकार्पित परियोजनाएं:

दंत रोग विभाग में स्थापित CBCT मशीन

लागत: ₹1.34 करोड़
सीबीसीटी (कोन बीम कंप्यूटेड टोमोग्राफी) एक आधुनिक इमेजिंग तकनीक है जो दांत, जबड़े और सिर-गर्दन क्षेत्र की उच्च गुणवत्ता वाली छवियां प्रदान करती है। इससे दांतों की सड़न, ट्यूमर, फ्रैक्चर और मैक्सीलरी साइनस की बीमारियों का सटीक पता लगाया जा सकता है।

रेडियोलॉजी विभाग में फ्लोरोस्कोपी मशीन

लागत: ₹2.489 करोड़
यह मशीन रियल-टाइम एक्स-रे इमेज प्रदान करती है। इसका उपयोग पेट, आंत, मूत्राशय और गुर्दों की बीमारियों के परीक्षण में होता है। यह अल्ट्रा मॉडर्न डिजिटल फ्लोरोस्कोपी सिस्टम स्वास्थ्य सेवा में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।

रैस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में DLCO उपकरण

लागत: ₹1.2479 करोड़
यह मशीन पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) के माध्यम से फेफड़ों की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करती है। इससे सांस संबंधी बीमारियों की पहचान और प्रबंधन संभव हो सकेगा।

डिजिटल ई-लाइब्रेरी

लागत: ₹3.7170 करोड़
उत्तराखंड के मेडिकल कॉलेजों में पहली बार अल्मोड़ा में स्थापित यह ई-लाइब्रेरी छात्रों को ई-बुक्स, वीडियो, ऑडियो और शोधपत्रों जैसी सामग्री डिजिटल रूप में उपलब्ध कराएगी। हिन्दी माध्यम में अध्ययन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

ऑक्सीजन बूस्टर प्लांट

लागत: ₹1.6944 करोड़
यह प्लांट स्थानीय रूप से ऑक्सीजन सिलेंडर भरने की सुविधा देगा, जिससे मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल में 24 घंटे निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। पहले यह सिलेंडर हल्द्वानी से मंगवाए जाते थे।


कुल अब तक ₹378 करोड़ का निवेश

डॉ रावत ने जानकारी दी कि राज्य सरकार अब तक अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में ₹378 करोड़ से अधिक का निवेश कर चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इसके लिए धन्यवाद दिया और कहा कि फैकल्टी की कमी को जल्द दूर किया जाएगा। साथ ही ऑडिटोरियम और पीजी कोर्स भी शीघ्र शुरू किए जाएंगे।


समीक्षा बैठक भी की गई

इसके बाद उन्होंने कॉलेज के सभागार में स्वास्थ्य और चिकित्सा विभागों की समीक्षा बैठक की, जिसमें अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपस्थित गणमान्य:

विधायक मोहन सिंह मेहरा (जागेश्वर), मनोज तिवारी (अल्मोड़ा), मदन सिंह बिष्ट (द्वाराहाट), मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे, CDO दिवेश शाशनी, प्राचार्य डॉ सीपी भैंसोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।