


रिपोर्ट -: आसिफ इक़बाल
लोकेशन -: रामनगर


पीरूमदारा क्षेत्र एक बार फिर आपराधिक घटनाओं के चलते सुर्खियों में है। सप्ताह भर के भीतर महिलाओं के साथ लूट और हमले की यह दूसरी घटना है, जिसने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामला ग्राम राजनगर का है, जहां सोमवार सुबह एक नकाबपोश बदमाश ने घर में घुसकर महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और ₹5000 की नकदी लेकर फरार हो गया।



दिनदहाड़े घुसा बदमाश, महिला पर किया चाकू से हमला
घटना उस समय हुई जब महिला महावती घर में अकेली थी। उसका पति ड्यूटी पर था और सास-ससुर मजदूरी के लिए खेतों में गए थे। नंद कॉलेज गई हुई थी। इस बीच एक नकाबपोश युवक घर में घुस आया और सीधे महिला पर चाकू से वार कर दिया। महिला ने साहस दिखाते हुए चाकू को हाथ से रोकने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ और गर्दन पर गहरे घाव हो गए। बदमाश ने महिला के सिर पर भी वार किया जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी।


हमले के बाद महिला से छीनी नकदी
होश में आने पर महिला ने बताया कि हमलावर अलमारी में रखे ₹5000 लेकर फरार हो गया। घटना के बाद जब परिजन घर पहुंचे, तो उन्होंने महिला को बेहोश हालत में पाया। पानी डालने के बाद जब महिला को होश आया, तो उसने पूरी घटना बताई। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।



पुलिस पर लापरवाही के आरोप
इस घटना से ठीक एक सप्ताह पहले इसी क्षेत्र की महिला शशि नेगी पर इवनिंग वॉक के दौरान नकाबपोश बाइक सवार ने चेन छीनने की कोशिश की थी और तमंचा तान दिया था। लेकिन उस घटना का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। लगातार हो रही घटनाओं और पुलिस की निष्क्रियता पर क्षेत्रीय जनता आक्रोशित है।


कोतवाल का बयान
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने कहा कि, “घटना गंभीर है और जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, अगर चौकी पुलिस की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही या जनता से दुर्व्यवहार सामने आता है, तो संबंधित कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”


इलाके में दहशत, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। महिलाएं अब दिन में भी घर से बाहर निकलने में हिचक रही हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।



