


स्थान : देहरादून
रिपोर्ट : सचिन कुमार


राजधानी देहरादून के डोभालवाला क्षेत्र स्थित वार्ड-10 इंद्र विहार में लंबे समय से चल रही जल संकट की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल की गई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को कालीदास रोड स्थित इंद्र विहार में एक करोड़ अट्ठासी लाख रुपये की लागत से बनने वाले नलकूप एवं संबंधित कार्यों का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।


स्थानीय जनता को मिलेगा लाभ
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा, “इंद्र विहार एवं आसपास के क्षेत्रों में जल संकट एक गंभीर समस्या बन चुका था। जनता की इस बुनियादी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह नलकूप निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है।” उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार जनता को स्वच्छ और सुचारु जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।



सरकार की प्राथमिकता: बुनियादी सुविधाएं
मंत्री जोशी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार की प्राथमिकता जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, और इसी दिशा में यह कदम उठाया गया है। इस नलकूप के निर्माण से इंद्र विहार और निकटवर्ती इलाकों के हजारों निवासियों को लाभ मिलेगा।




स्थानीय लोगों ने जताया आभार
भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने इस पहल पर कैबिनेट मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे उन्हें वर्षों पुरानी जल संकट की समस्या से निजात मिलेगी।




