किच्छा में निकाली गई शौर्य सम्मान तिरंगा यात्रा, भारतीय सेना के पराक्रम को किया नमन

किच्छा में निकाली गई शौर्य सम्मान तिरंगा यात्रा, भारतीय सेना के पराक्रम को किया नमन

रिपोर्ट : राजू सहगल
लोकेशन : किच्छा

किच्छा में सोमवार को भारतीय सेना के सम्मान में एक विशाल शौर्य सम्मान तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का आयोजन भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया और सेना के पराक्रम को नमन किया।

पुरानी गल्ला मंडी से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा नगर के मुख्य बाजार, दीनदयाल चौक, महाराणा प्रताप चौक और बरेली रोड होते हुए आवास विकास क्षेत्र में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’, ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ जैसे गगनभेदी नारे लगाए।

यह आयोजन कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के विरोध और भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के समर्थन में किया गया। बता दें कि आतंकियों ने वहां निर्दोष सैलानियों की धर्म पूछकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद देशभर में पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेना को खुली छूट दिए जाने के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर एक बार फिर अपने अदम्य साहस का परिचय दिया। इसी के तहत देश के विभिन्न हिस्सों की तरह किच्छा में भी तिरंगा यात्रा निकालकर भारतीय सेना को धन्यवाद और सम्मान प्रकट किया गया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारतीय सेना ने जो पराक्रम दिखाया है, उस पर हर भारतीय को गर्व है। उन्होंने मांग की कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की नीति आगे भी जारी रखी जाए।

इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय युवाओं, व्यापारियों, बुजुर्गों और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की, जिससे पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।