
स्थान : हल्द्वानी

सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में मानसून से पूर्व संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर हल्द्वानी नगर क्षेत्र में प्रमुख नालों की सफाई, चैनलाइजेशन और सुरक्षा के अन्य उपायों को तेज़ी से अंजाम दिया जा रहा है।

बरसात के मौसम में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा बहुविभागीय स्तर पर संयुक्त प्रयास किए जा रहे हैं। सिंचाई विभाग, नगर निगम हल्द्वानी और वन विभाग इन कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।


प्रमुख कार्य और प्रगति:
- कलसिया नाले में सिंचाई विभाग द्वारा 900 मीटर चैनलाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे वर्षा जल की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा सकेगी।
- नगर निगम हल्द्वानी द्वारा रकसिया नाले की सफाई का कार्य लगातार जारी है। नाले की कुल लंबाई 7 किलोमीटर है, जिसमें से अब तक 3 किलोमीटर की सफाई पूरी की जा चुकी है। शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा किए जाने की योजना है।
- वन विभाग द्वारा देवखड़ी नाले में भू-कटाव और बाढ़ सुरक्षा के लिए 13 चैक डैम का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें से 8 चैक डैम बनकर तैयार हो चुके हैं। शेष 10 दिनों में शेष निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही नाले से मलबा हटाने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।

जिलाधिकारी वंदना ने सभी निर्माण एजेंसियों और विभागों को निर्देशित किया है कि मानसून से पूर्व सभी सड़क मार्गों पर स्थित नालियों, कलमठों की सफाई और मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह समय तैयारी का है, लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है।




प्रशासन की सक्रियता से आम जनमानस को उम्मीद है कि इस बार बरसात के मौसम में जलभराव और बाढ़ जैसी आपदाओं से राहत मिलेगी।


