शराब दुकानों पर ओवररेटिंग और नियम उल्लंघन पर आबकारी विभाग की छापेमारी, जसपुर-काशीपुर क्षेत्र में कई अनियमितताएं उजागर

शराब दुकानों पर ओवररेटिंग और नियम उल्लंघन पर आबकारी विभाग की छापेमारी, जसपुर-काशीपुर क्षेत्र में कई अनियमितताएं उजागर

स्थान – जसपुर
रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

उत्तराखंड में शराब की दुकानों पर लगातार मिल रही ओवर रेटिंग की शिकायतों पर आज कुमाऊं कमिश्नर के आदेश पर आबकारी विभाग की टीम ने जसपुर और काशीपुर क्षेत्रों में छापेमारी की। भीषण गर्मी के बावजूद टीम ने दिनभर गुप्त रूप से शराब की दुकानों से खरीदारी कर निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जसपुर क्षेत्र में एक दुकान पर मूल्य से अधिक दर पर शराब बेचे जाने की पुष्टि हुई, जबकि एक दुकान ऐसी भी मिली जहां प्रिंट रेट से भी कम मूल्य पर शराब और बीयर बेची जा रही थी। यह स्थिति विभाग के लिए भी चौंकाने वाली रही।

छापेमारी के दौरान यह भी देखा गया कि अधिकतर दुकानों में बिलिंग मशीनें बंद पड़ी थीं, कुछ दुकानों में मशीनों पर फूलों की माला चढ़ी हुई थी, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उपभोक्ताओं को बिल देने की व्यवस्था नहीं की जाती।

इसके अलावा, कई दुकानों पर समय-सारणी और दर सूची या तो अनुपस्थित थी या धूल और गंदगी से ढकी हुई मिली। कुछ दुकानों पर अन्य उत्पाद भी अवैध रूप से बिकते पाए गए। शराब की दुकानों पर न तो खुलने-बंद होने का समय अंकित था और न ही ग्राहकों को स्पष्ट जानकारी दी जा रही थी।

शासन द्वारा बार-बार यह अपील की जा रही है कि बिना बिल के कोई भी खरीदारी न करें, लेकिन इन दुकानों में बिलिंग व्यवस्था पूरी तरह ठप पाई गई।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि छापेमारी के दौरान मिली खामियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में नियमित निरीक्षण जारी रहेगा ताकि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा की जा सके