गैरकानूनी घुसपैठियों और ड्रग्स माफिया पर चलेगी सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री धामी

गैरकानूनी घुसपैठियों और ड्रग्स माफिया पर चलेगी सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री धामी

टॉप : देहरादून

देहरादून, 18 अप्रैल – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार देर रात राज्य स्तरीय पुलिस संगोष्ठी में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर राज्य में रह रहे विदेशी घुसपैठियों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध तत्वों को फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले व्यक्तियों को भी कानूनी शिकंजे में लिया जाए। साथ ही उन्होंने ड्रग्स माफिया के खिलाफ भी निर्दयी कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि “राज्यवासियों का भरोसा बनाए रखना हमारी शीर्ष प्राथमिकता है।”

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि उत्तराखण्ड पुलिस को अपराधियों में भय और आम नागरिकों में विश्वास पैदा करने की नीति पर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की छवि एक शांतिप्रिय राज्य की है और पुलिस को चौकस रहकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी आपराधिक तत्व राज्य को अपनी सुरक्षित पनाहगाह न समझे।

मुख्यमंत्री ने सभी एसएसपी और एसपी को थाना स्तर पर जनसुनवाई करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को अपनी कार्य संस्कृति में सुधार लाते हुए जनता से संवाद को बढ़ावा देना होगा।

इस दौरान देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित संगोष्ठी में मुख्यमंत्री ने करीब तीन घंटे लंबी मैराथन बैठक के माध्यम से पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित सभी जिलों के एसएसपी और एसपी से उनके-उनके क्षेत्रों की स्थिति का विस्तृत फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान नैनीताल एसएसपी से कैंची धाम की पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले 10 दिनों में कैंची धाम में हैलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं 10 दिन बाद हैलीपेड का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कैंची धाम में पार्किंग, पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्तावों को तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।