

टॉप :विकासनगर
रिपोर्ट :सतपाल धानिया

देहरादून, 18 अप्रैल – कालसी वन प्रभाग के अंतर्गत चौहड़पुर रेंज में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मादा गुलदार का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग को दी, जिसके बाद डीएफओ कालसी के एल भारती के नेतृत्व में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत मादा गुलदार की उम्र लगभग ढाई वर्ष आंकी गई है। डीएफओ भारती ने बताया कि गुलदार के शरीर पर किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए, जिससे प्राथमिक दृष्टि में भूख से स्वाभाविक मृत्यु की आशंका जताई जा रही है।


गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व इसी क्षेत्र में एक चरवाहे पर गुलदार द्वारा हमला किए जाने की घटना भी सामने आई थी, जिसमें चरवाहा घायल हुआ था। हालांकि, वर्तमान में मिले शव के उस घटना से जुड़ा होने की पुष्टि नहीं हो सकी है।



वन विभाग की टीम ने मौके पर ही पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की और गुलदार के शव को नियमानुसार डिस्पोज कर दिया। डीएफओ भारती ने बताया कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

इस घटना ने क्षेत्र में वन्यजीवों की स्थिति और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग मामले की जांच में जुटा है।


