


टॉप : देहरादून

देहरादून, 18 अप्रैल – केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 26 अप्रैल को एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह देहरादून स्थित एफआरआई प्रेक्षागृह में आयोजित भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड के कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके उपरांत वह राज्य के सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।



इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में राज्य के सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, सहकारी बैंकों, समितियों, और नवाचार कार्यक्रमों की प्रगति रिपोर्ट और प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा।



सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. रावत ने जानकारी दी कि बैठक में विशेष रूप से निम्नलिखित विषयों पर चर्चा होगी:


- पैक्स समितियों का कम्प्यूटरीकरण
- आधुनिक अन्न भंडारण सुविधाओं की स्थापना
- जन औषधि केंद्रों का संचालन
- ऑर्गेनिक बोर्ड की गतिविधियाँ
- “सहकार से समृद्धि” योजना की प्रगति
- महिलाओं को सहकारी समितियों में 33% प्रतिनिधित्व
- सहकारी बैंकों में महिला शाखाओं की स्थापना
- माधो सिंह भंडारी सामूहिक खेती योजना
- घसियारी कल्याण योजना
- प्रगतिशील किसानों के लिए अध्ययन भ्रमण
- एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) का गठन
- पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना
- और पैक्स कैडर सेवा नियमावली का निर्माण

इन सभी विषयों पर प्रस्तुतिकरण के माध्यम से केंद्रीय मंत्री अमित शाह को जानकारी दी जाएगी।
यह दौरा न केवल राज्य की सहकारिता योजनाओं को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे राज्य के सहकारी ढांचे के सुदृढ़ीकरण को भी गति मिलने की उम्मीद है।



