थराली में उपजिलाधिकारी ने की बैठक, ट्रैफिक जाम और पिंडर नदी के मलबे को लेकर दिए निर्देश

थराली में उपजिलाधिकारी ने की बैठक, ट्रैफिक जाम और पिंडर नदी के मलबे को लेकर दिए निर्देश

स्थान -थराली

थराली, 18 अप्रैलउपजिलाधिकारी पंकज भट्ट ने गुरुवार को अपने कार्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष और स्थानीय व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या और पिंडर नदी के चैनेलाइजेशन के बाद उत्पन्न हालातों को लेकर समाधान तलाशना रहा।

उपजिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पिंडर नदी के किनारे जमा मलबे के शीघ्र उठान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि नदी का प्रवाह सुचारू रूप से बना रहे और आसपास के क्षेत्रों में अव्यवस्था न फैले।

उन्होंने बाजार क्षेत्र में अक्सर लगने वाले यातायात जाम पर चिंता जताते हुए कहा कि सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों को हटाकर, नगर पंचायत द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों में खड़ा किया जाए। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस विषय पर स्थानीय व्यापारियों, वाहन चालकों, पुलिस और नगर प्रशासन के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें समस्याओं के स्थायी समाधान और सुझावों पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा, उपजिलाधिकारी भट्ट ने पिंडर नदी से मलबा ढोने वाले डंपरों के कारण होने वाले जाम और थराली मोटरपुल की स्थिति को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि यह पुल पूरी पिंडर घाटी की जीवनरेखा है, इसलिए इसकी सुरक्षा और सुचारू संचालन अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने निर्देशित किया कि थराली मोटरपुल से एक बार में केवल एक डंपर ही गुजरे और केवल निर्धारित भार क्षमता वाले वाहन ही इस पुल से गुजरें। इसके लिए पुल पर पुलिस और होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।