

द्वाराहाट


द्वाराहाट, अल्मोड़ा — द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के असगोली ग्राम के घुना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक जेसीबी चालक की मौके पर ही मौत हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:00 बजे पांच घाटी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा था। इस कार्य में तीन जेसीबी मशीनें लगी थीं। हादसे का शिकार हुए चालक की पहचान करतार सिंह के रूप में हुई है, जो हरियाणा के झाड़कुड़ी गांव, जिला अनु के निवासी थे।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करतार सिंह जेसीबी को आगे बढ़ा रहे थे और एक ट्रक में पत्थर भरने का कार्य पूरा ही हुआ था कि तभी अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर खिसककर नीचे आ गए। इससे जेसीबी मशीन मलबे की चपेट में आ गई और चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही ठेकेदार ने 108 एंबुलेंस सेवा और आपदा कंट्रोल रूम को जानकारी दी। सूचना डायल 112 के माध्यम से थाना द्वाराहाट को दी गई। मौके पर राजस्व विभाग, रेगुलर पुलिस, पीएमजीएसवाई विभाग, थाना द्वाराहाट की टीम और तहसीलदार द्वाराहाट सहित सभी संबंधित अधिकारी पहुंच गए।

पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता राजेंद्र लाल शाह ने बताया कि बीती रात हुई भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण क्षेत्र में भूस्खलन (लैंडस्लाइडिंग) की स्थिति बनी, जिससे यह दुखद दुर्घटना हुई। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग और ठेकेदार की ओर से जो भी संभव सहायता होगी, वह की जाएगी।

मृतक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट लाया गया, जहां पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत नागरिक चिकित्सालय भेजा गया।

यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा उपायों की अनिवार्यता और सावधानी बरतने की आवश्यकता की ओर संकेत करता है।


