


ताड़ीखेत
रानीखेत, 10 अप्रैल।
जवाहर नवोदय विद्यालय, ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) में हरिद्वार क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न जिलों से आए छात्रों के लिए स्काउट का तृतीय सोपान शिविर आरंभ हो गया है। यह शिविर 8 अप्रैल से 12 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों के नवोदय विद्यालयों से लगभग 50 छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं।


शिविर का उद्देश्य छात्रों को स्काउटिंग कौशल, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, सामुदायिक सेवा, और सामाजिक जिम्मेदारी जैसी महत्वपूर्ण क्षमताओं से सशक्त बनाना है। यह शिविर छात्रों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देगा।


शिविर संयोजक डी.सी. जोशी ने बताया कि शिविर के दौरान स्काउट की तृतीय सोपान परीक्षा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी छात्रों का व्यावहारिक और सैद्धांतिक मूल्यांकन किया जाएगा। शिविर में मुख्य परीक्षक के रूप में श्री राम सिंह नेगी, प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त, उत्तराखंड शिक्षा विभाग, विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।


इसके अलावा पी.एस. अलमिया, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट), बागेश्वर और रेवती बिष्ट, सहायक प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड), अल्मोड़ा, भी शिविर में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। शिविर संचालन में स्काउट मास्टर आदिल खान और त्रिवेणी कश्मीरा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।


शिविर में विभिन्न प्रकार की सहभागी गतिविधियाँ, शारीरिक अभ्यास, समूह निर्माण, रात्रि शिविर, तथा सामुदायिक सेवा कार्य शामिल हैं, जो छात्रों को न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाएंगे बल्कि मूल्य आधारित शिक्षा के साथ उन्हें एक अच्छा नागरिक भी बनाएंगे।

शिविर के आयोजन पर छात्रों, शिक्षकों और आयोजकों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। यह शिविर स्काउटिंग के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और सामाजिक मूल्यों को भी छात्रों के जीवन में आत्मसात कराने का माध्यम बन रहा है।



