लक्ष्मण झूला बैराज और चीला मार्ग पर ओवर स्पीड पर लगाम लगाने की कवायद शुरू

लक्ष्मण झूला बैराज और चीला मार्ग पर ओवर स्पीड पर लगाम लगाने की कवायद शुरू

This image has an empty alt attribute; its file name is ad-1.jpg

लोकेशन – लक्ष्मण झूला

संवाददाता- सागर रस्तोगी

ऋषिकेश, 10 अप्रैल।
लक्ष्मण झूला बैराज और चीला मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। हादसों का मुख्य कारण ओवर स्पीड को मानते हुए, लक्ष्मण झूला थाना पुलिस ने इंटरसेप्टर वाहनों और स्पीड गन की मदद से निगरानी तेज कर दी है।

थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर इंटरसेप्टर से चेकिंग की जा रही है। वाहन यदि तय गति सीमा से अधिक स्पीड में पकड़े जाते हैं, तो मौके पर ही ऑनलाइन चालान किया जा रहा है। यह अभियान विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लक्ष्मण झूला थाना प्रभारी संतोष पैथवाल को इस अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संतोष पैथवाल उड़न दस्ते की टीम के साथ मिलकर ओवर स्पीड और यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि चीला नहर पर सुरक्षा के लिए कोई फेंसिंग नहीं लगी है, जिससे कई बार तेज रफ्तार में वाहन अनियंत्रित होकर नहर में गिर जाते हैं। यह मार्ग बेहद संवेदनशील है, इसलिए यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसीलिए अब इंटरसेप्टर और स्पीड गन जैसे आधुनिक उपकरण सड़क पर सक्रिय कर दिए गए हैं।

पुलिस कप्तान ने अपील की है कि वाहन चालक गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों की जानें बचाई जा सकें।